16 साल से फरार भगोड़ा गिरफ्तार:मारपीट और चोरी के मामले में आरोपी को शेखपुरा पुलिस ने घर से दबोचा
शेखपुरा में केवटी थाना पुलिस ने 16 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को आज दोपहर गिरफ्तार किया है। आरोपी शैलेन्द्र यादव (42) बरबीघा प्रखंड के गंगटी गांव का रहने वाला है। वर्ष 2009 में मारपीट और चोरी के एक मामले में शैलेन्द्र नामजद अभियुक्त था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह राज्य से बाहर भाग गया था। कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया पुलिस ने कई बार उसे पकड़ने का प्रयास किया। गिरफ्तारी न होने पर कोर्ट ने कुर्की की कार्रवाई की और उसे भगोड़ा घोषित कर लाल वारंट जारी किया। केवटी थाना अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी अपने घर आया था। पुलिस को सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष और पुलिस सब इंस्पेक्टर अमित कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापामारी कर उसे घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शेखपुरा जेल भेज दिया गया है।
