सोनीपत में फैक्ट्री मालिक को गोली मारने वाले काबू,VIDEO:आरोपी सगे भाई; काम न देने पर भड़के थे, रिमांड पर लेगी पुलिस
सोनीपत के बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री मालिक देव बंसल पर फायरिंग करने वाले दोनों नकाबपोश बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी सगे भाई हैं। इन्होंने काम न मिलने और मामूली कहासुनी के बाद रंजिश पाल ली थी। पुलिस उनको रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। घर लौटते वक्त कार रोककर मारी थी गोली दिल्ली के रोहिणी (सेक्टर-7) निवासी देव बंसल गन्नौर के बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री चलाते हैं। गुरुवार शाम जब वे अपना काम निपटाकर कार से घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि देव बंसल कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। एक गोली उनकी जांघ में लगी, जिससे वे लहूलुहान हो गए। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस की रेड: सीसीटीवी और मुखबिरों के जाल में फंसे आरोपी सोनीपत पुलिस प्रवक्ता ASI रविंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसीपी ऋषिकांत और बड़ी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। सोनीपत पुलिस के प्रवक्ता एएसआई रविंद्र सिंह ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हर्ष और जितेंद्र नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वजह: मजदूरी का विवाद और ईगो की लड़ाई पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है कि आरोपी हर्ष और जितेंद्र दिहाड़ी मजदूरी की तलाश में देव बंसल की फैक्ट्री में गए थे। वहां किसी बात को लेकर फैक्ट्री मालिक के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। देव बंसल ने उन्हें काम पर रखने से मना कर दिया। इसी मामूली बात की खुन्नस में दोनों भाइयों ने हथियार का इंतजाम किया और देव बंसल की रेकी कर उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। घायल व्यवसायी देव बंसल का सोनीपत के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस अब आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार और मोटरसाइकिल बरामद करने में जुटी है। पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि… पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों सगे भाईयों को गिरफ्तार कर लिया है। अब इन्हें माननीय कोर्मेंट पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि इस मामले की गहराई से जांच की जा सके।



