विधवा महिला से छेड़खानी का प्रयास:जहानाबाद में घर में घुसकर युवक ने किया हमला, महिला अस्पताल में भर्ती
जहानाबाद के परस बीघा थाना क्षेत्र के मोहन बीघा गांव में एक विधवा महिला के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना रात की है जब महिला अपने घर में अकेली सो रही थी। गांव का एक युवक देर रात 2 बजे महिला के घर में घुस गया और उसके साथ छेड़खानी का प्रयास किया। महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरोपी युवक वहां से भाग निकला। मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ दिन पहले ही महिला के पति का हुआ था देहांत पीड़िता के परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही महिला के पति का देहांत हुआ था। तब से वह अकेली रहती थी और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। आरोपी ने इसी का फायदा उठाने का प्रयास किया।परस बीघा थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता की ओर से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। आवेदन मिलते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
