गंगा किनारे मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव:बख्तियारपुर से बिहार शरीफ आने जाने की रेल टिकट मिली, 20 फीट ऊंचाई से गिरने के निशान
बाढ़ थाना क्षेत्र में अलखनाथ घाट के पास गंगा नदी किनारे एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। शव के पास बख्तियारपुर से बिहार शरीफ और बख्तियारपुर से बक्सर की रेल टिकट मिली है। स्थानीय लोगों के अनुसार, व्यक्ति को एक दिन पहले शाम करीब 5 बजे दियारा इलाके में देखा गया था। उस समय वह तड़प रहा था, लेकिन मछुआरों ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। शव मिलने की सूचना पुलिस को दे दी गई है। स्थानीय निवासी बलबीर कुमार सिंह ने बताया कि सुबह किसानों ने गंगा किनारे शव देखा। शव की स्थिति से पता चलता है कि व्यक्ति 20 फीट की ऊंचाई से गिरा है। शव के पास एक चप्पल भी मिली है। स्थानीय लोग इसे हत्या का मामला मान रहे हैं। घटना से दियारा इलाके में सनसनी फैल गई है। शुरुआत में लोगों में पनडुब्बी होने की अफवाह फैल गई, जिससे मछुआरे वहां से भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
