कौशाम्बी में स्टाम्प विनष्टीकरण:7.45 करोड़ कीमत के 10 से 25 हजार रुपए के पुराने स्टाम्प जलाकर किए गए नष्ट
कौशाम्बी कोषागार परिसर में बुधवार शाम को 7 करोड़ 45 लाख 80 हजार रुपए मूल्य के पुराने स्टाम्प जलाकर नष्ट किए गए। यह कार्रवाई जिलाधिकारी द्वारा गठित स्टाम्प विनष्टीकरण समिति की देखरेख में की गई। शासन ने स्टाम्प मैनुअल में संशोधन करते हुए 10 हजार से 25 हजार रुपए तक के भौतिक गैर न्यायिक स्टाम्पों को चलन से बाहर कर दिया है। इसी आदेश के तहत विभिन्न मूल्यवर्ग के स्टाम्प नष्ट किए गए। नष्ट किए गए स्टाम्पों में 10 हजार रुपए के 1054 स्टाम्प (कुल मूल्य 1.05 करोड़), 15 हजार रुपए के 1286 स्टाम्प (कुल मूल्य 1.92 करोड़), 20 हजार रुपए के 1000 स्टाम्प (कुल मूल्य 2 करोड़) और 25 हजार रुपए के 990 स्टाम्प (कुल मूल्य 2.47 करोड़) शामिल थे। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शालिनी प्रभाकर की उपस्थिति में यह कार्यवाही संपन्न हुई। इस दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी रवीन्द्र प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी न्यायिक अजेन्द्र सिंह, सहायक महानिरीक्षक निबंधन महेन्द्र प्रताप मिश्र, पुलिस उपाधीक्षक शिवांक सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी अशोक कुमार यादव भी मौजूद रहे।
