कुरुक्षेत्र में रेलवे लाइन पर मिला व्यक्ति का शव:ट्रेन की चपेट में आने से मौत; बाजू पर ओम का टैटू, संतोष-अंकुश शर्मा नाम लिखे
कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद के डोला माजरा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से इस व्यक्ति के सिर में गहरी चोट लगी, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पता चलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस को उसके पास से कोई कोई आईडी, पर्स या मोबाइल नहीं मिला। जांच करने पर उसकी बाजू पर ओम, संतोष शर्मा और अंकुश शर्मा नाम के टैटू बने हुए हैं। पुलिस इन टैटू के आधार पर मृतक की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। ब्लू जींस और टीशर्ट पहने था GRP कुरुक्षेत्र के मुताबिक, इस व्यक्ति ने ब्लू जींस और टीशर्ट पहन रखी थी। सुबह टीम को सूचना मिली कि देर रात कोई व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। डोला माजरा गांव के पास 171 किलोमीटर के 34-32 पर रेलवे लाइन के पास उसका शव पड़ा है। पहचान की कोशिश कर रही GRP मृतक के पास से ऐसी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी, जिससे उसकी पहचान तुरंत हो सके। अब पुलिस आसपास के थानों में सूचना भेजने के साथ-साथ टैटू और हुलिए के आधार पर उसकी पहचान कराने में जुटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।



