हांसी में आग से गेहूं के नुकसान की होगी भरपाई:एसडीएम बोले-पोर्टल खुल गया, किसान 1 मई तक करें जानकारी अपलोड
हिसार के हांसी में आगजनी की घटना से गेहूं में हुए नुकसान की भरपाई के लिए पोर्टल खुल गया है। एसडीएम राजेश खोथ ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रबी फसल 2025 के दौरान आगजनी की घटनाओं से फसलों को हुए नुकसान के संबंध में राज्य सरकार द्वारा किसानों से विवरण मांगा गया है। किसान 1 मई 2025 तक ई - क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपने नुकसान का विवरण अपलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य किसानों को समय रहते राहत प्रदान करना है, ताकि आगजनी की घटनाओं से हुए फसल नुकसान का सही आकलन कर क्षतिपूर्ति दी जा सके। किसान अपने खेतों में आगजनी से हुए नुकसान का विवरण तथा घटनास्थल की फोटो भी पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। एसडीएम ने किसानों से की अपील एसडीएम ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते पोर्टल पर आवश्यक विवरण अपलोड कर दें, ताकि कोई भी पात्र किसान क्षतिपूर्ति से वंचित न रह जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे किसानों को इस प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें और पोर्टल पर विवरण भरने में आवश्यक सहायता प्रदान करें। गौरतलब है कि हांसी क्षेत्र में गेहूं की फसल में कई आगजनी की घटना हुई थी। जिसमें गेहूं की फसल और अवशेष जलने से किसानों को खूब नुकसान हुआ था।
