सनातन परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी : CM धामी

देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में 'आदि शक्ति श्री माता वैष्णो देवी धाम सेवा समिति' द्वारा विशाल मां भगवती जागरण का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शिरकत की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की ...

May 4, 2026 - 14:13
 0
सनातन परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी : CM धामी

देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में 'आदि शक्ति श्री माता वैष्णो देवी धाम सेवा समिति' द्वारा विशाल मां भगवती जागरण का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शिरकत की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माँ के चरणों में मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया।

सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना

मुख्‍यमंत्री धामी ने एक्स पर पोस्ट में बताया कि जागरण का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना और ज्योत प्रज्वलन के साथ हुआ। समिति के सदस्यों और उपस्थित भक्तों ने माँ भगवती से समस्त प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना की। पूरी रात चले इस जागरण में भजन गायकों ने माता के भजनों से वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर भी मौजूद थे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, समिति के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
 

क्या कहा मुख्‍यमंत्री धामी ने?

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन न केवल समाज को एकता के सूत्र में पिरोते हैं, बल्कि हमारी युवा पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।

Edited by: Vrijendra Singh Jhala