बहादुरगढ़ में 4 वाहन भिड़े, महिला समेत 3 घायल:स्कोडा की अचानक लगाई ब्रेक, कार पलटी, टायर उड़कर फ्लाईओवर से नीचे गिरा
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ बाईपास पर एचएल सिटी के सामने मंगलवार सुबह करीब 9 बजे झज्जर रोड फ्लाईओवर पर अचानक ब्रेक लगने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में रोहतक के गांव किलोई के नवीन, एक महिला व बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक स्कोडा कार द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे आ रही तीन गाड़ियां आपस में जोरदार टकरा गई। हादसे में सोनेट कार (HR12AU 1406) डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जबकि पिकअप DL1LAH 2832 व स्विफ्ट डिजायर HR12AW 9119 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि एक गाड़ी का टायर निकलकर फ्लाईओवर के डिवाइडरों के गैप से नीचे सड़क पर जा गिरा। जहां वह नीचे लगे रोड फ्लावर के पास आकर रुका। उसी स्थान पर खड़े जूस और मूंगफली बेचने वाले लोग अचानक गिरे टायर से बाल-बाल बच गए। हादसे ने नीचे मौजूद लोगों में भी दहशत फैला दी। तीन लोग घायल, एक की हालत गंभीर हादसे में रोहतक के गांव किलोई निवासी नवीन गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके एक पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। इसके अलावा एक महिला और एक बच्चा भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे से फ्लाईओवर पर लगा जाम हादसे के बाद फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू किया। पुलिस के अनुसार हादसा अत्यधिक रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने के कारण हुआ। मामले की जांच जारी है।



