फतेहपुर में महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थापना में देरी:क्षत्रिय महासभा ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर की कार्रवाई की मांग
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (पंजी) जनपद फतेहपुर इकाई ने महाराणा प्रताप चौराहे पर प्रतिमा स्थापना में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की है। संगठन के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। महासभा के जिलाध्यक्ष विजय सिंह गौर ने बताया कि फतेहपुर नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में 30 अप्रैल 2025 को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया था। इसमें जोनिहा बस स्टॉप और पुलिस लाइन के मध्य स्थित चौराहे का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखने और उनकी प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, अब तक प्रतिमा के लिए फाउंडेशन निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। नगर पालिका को निर्देशित करने की मांग गौर ने बताया कि हर साल मई माह में इसी स्थल पर महाराणा प्रताप जयंती का आयोजन होता है। इस वर्ष जयंती की तिथि नजदीक होने के बावजूद कोई तैयारी नहीं दिख रही है, जिससे स्थानीय निवासियों में आक्रोश है। महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि 9 मई से पहले फाउंडेशन निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो इस वर्ष महाराणा प्रताप जयंती का आयोजन नहीं किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से व्यक्तिगत रुचि लेकर नगर पालिका को निर्देशित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे समय रहते फाउंडेशन निर्माण कार्य पूरा हो सकेगा और जनपदवासी महाराणा प्रताप के आदर्शों से प्रेरणा ले सकेंगे।



