नवीन गंगा पुल पर 2 किमी लंबा जाम:स्कूली बच्चे और दफ्तर जाने वाले घंटों फंसे, भूख-प्यास से बेहाल लोग सड़क किनारे बैठे
उन्नाव में बुधवार को शुक्लागंज के नवीन गंगा पुल पर भीषण जाम लग गया। जाम की लंबाई करीब 2 किलोमीटर तक पहुंच गई। सुबह साढ़े दस बजे से ही पुल के दोनों तरफ वाहनों का दबाव बढ़ना शुरू हो गया था। तेज गर्मी और उमस भरे मौसम में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कार, बस, ऑटो और दोपहिया वाहन सड़क पर रेंगते रहे। पुल पर ट्रैफिक की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं थी। इससे हालात और खराब हो गए। गंगाघाट थाना प्रभारी पीके मिश्रा के अनुसार, जाम का कारण पुल के दोनों तरफ अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग था। कुछ भारी वाहनों के एक साथ पुल पर आने से भी ट्रैफिक बाधित हुआ। जाम की सूचना मिलते ही गंगाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने वाहनों को व्यवस्थित रूप से निकालने की कोशिश की। लेकिन भारी संख्या में फंसे वाहनों के कारण जाम खुलने में समय लगा। जाम के बाद की तीन तस्वीरें देखिए... स्थायी समाधान करने की मांग स्कूली बच्चों, दफ्तर जाने वालों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। कई लोग प्यास और धूप से बेहाल होकर सड़क किनारे बैठ गए। एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। रोज पुल पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है। लेकिन प्रशासन ने अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला है। व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से यातायात नियंत्रण के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।
