कैथल में 7.40 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी:दो ठग पकड़े, दोनों सिरसा जिले के रहने वाले
कैथल में शेयर मार्केट में रुपए लगवाकर 7 लाख 40 हजार रुपए हड़पने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने एक व्यक्ति को मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर रुपए लगवाए थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जिला सिरसा के गांव पंचमाला निवासी कुलदीप तथा गांव धिराज निवासी गुरप्रीत के रूप में हुई है। महिला ने शिकायत दी अर्जुन नगर कैथल निवासी अमनदीप कौर द्वारा साइबर क्राइम थाना में 30 जुलाई 2024 को दी शिकायत अनुसार कुछ समय पहले उसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने कैपिटल ग्रोथ गाइड 123ए नामक व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल कर लिया था। उस ग्रुप में सभी को शेयर मार्केट के बारे में जानकारी दी जाती थी। वहां पर बताया जाता था कि अगर ग्रुप पर बताए गए शेयर से किसी को नुकसान होता है तो पूरा पैसा सो कॉल्ड नेम-लांग ग्रीक कैपिटल कंपनी द्वारा वापस कर दिया जाएगा और लाभ हुआ तो कंपनी को 30 प्रतिशत देना होता था। आधार कार्ड मांगा इसके लिए व्हाट्सएप यूजर ने एक लिंक दिया और उससे आधार कार्ड मांग लिया। उसके बाद आरोपी ने वेबसाइट पर जाकर अपना पासवर्ड बनाने को कहा व वेबसाइट पर उसका वर्चुअल अकाउंट खोल दिया। उसने मुनाफे कमाने के लिए अलग-अलग समय में आरोपियों के बताए अनुसार शेयर मार्केट में रुपए लगा दिए। बाद में उसके वर्चुअल वॉलेट में 18 लाख 15 हजार 500 रुपये मुनाफा दिखाई देने लगा। जब उसने अपने वॉलेट से रुपये निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने कहा कि इसे निकालने के लिए चार लाख 81 हजार रुपए टैक्स देना होगा। उसने आरोपियों के बताए गए खाते में राशि भेज दी। बाद में आरोपियों ने उससे सात लाख 40 हजार रुपए ठग लिए। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि आरोपी गुरप्रीत द्वारा साइबर ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध करवाया गया था तथा आरोपी कुलदीप द्वारा उस खाते से रकम चैक के माध्यम से निकालकर आगे साइबर ठगों को भेजी गई थी। दोनों आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए।



