कासगंज में किसान की मौत:मक्का काटने गए 32 साल के किसान को आई घबराहट, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
कासगंज में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नगला ररिया मौजा भरसौली जंगल थाना ढोलना के रहने वाले 32 वर्षीय किसान खेमकरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना आज सुबह की है। खेमकरण सुबह 5 बजे अपने खेत पर मक्का काटने गए थे। वहां उन्हें अचानक घबराहट महसूस हुई। इसके बाद वह तुरंत घर लौट आए। उनकी हालत बिगड़ती देख परिवार के लोग उन्हें सुबह 6 बजे जिला अस्पताल कासगंज ले गए। डॉक्टरों ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया, लेकिन सुबह 7:30 बजे उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। खेमकरण के पिता का नाम रमेश चंद है। उनकी शादी 14 साल पहले कटीला नगला थाना अमापुर की रहने वाली ओमवती से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं - 10 वर्षीय बेटी लवी और 5 वर्षीय बेटा बादल। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
