करनाल में बाइक चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी काबू:चोरी की 4 मोटरसाइकिल बरामद; शौक पूरे करने के लिए करते थे वारदात
करनाल में एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार चोरीशुदा बाइक बरामद की हैं। पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा हुआ है। सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार गहलावत के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए रामनगर निवासी कुलवन्त सिंह उर्फ कान्ता, शनि मंदिर कॉलोनी पिपली निवासी आशुतोष उर्फ आशु उर्फ चिन्टू और डेरा मुन्शीराम सिरसमा निवासी नितेश कुमार उर्फ काला को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। चोरी की बाइक बेचने का भी खुलासा पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की बाइक नितेश कुमार उर्फ काला को बेची थी। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर एक और बाइक बरामद की। आरोपियों के पास से कुल चार बाइक बरामद हुई हैं। कई थानों के मामलों का राज खुला पूछताछ के दौरान आरोपियों ने रामनगर थाना के केस नंबर 136 (05/05/2026) और सिविल लाइन थाना के केस नंबर 228 (26/03/2026) की वारदात कबूल की। इसके अलावा सिविल लाइन के केस 228/2026, सदर थाना के केस 287/2026 और रामनगर के केस 138/2026 समेत अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ है। शौक पूरे करने के लिए करते थे चोरी जांच में यह भी सामने आया कि कुलवन्त सिंह और नितेश कुमार पर पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने कबूल किया कि वे जल्दी अमीर बनने और अपने शौक पूरे करने के लिए बाइक चोरी करते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।



