लंदन से एक चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां एक पुराने यहूदी उपासना स्थल को आग लगाने की कोशिश की गई है। यह घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है, जिसे संदिग्ध आगजनी माना जा रहा है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, मेट्रोपोलिटन पुलिस ने बताया कि इस घटना में भवन के गेट को हल्का नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग तड़के सुबह लगाई गई थी, जिसका पता सुरक्षा कैमरों की फुटेज से चला है।
गौरतलब है कि यह भवन कई वर्षों से उपासना स्थल के रूप में उपयोग में नहीं था, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय यहूदी समुदाय में चिंता का माहौल है। पुलिस अधिकारी ब्रिटनी क्लार्क ने कहा कि इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच में आतंकवाद निरोधक इकाई की मदद ली जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी।
इस मामले की जांच का नेतृत्व कर रहीं हेलेन फ्लानागन ने बताया कि हाल के दिनों में यहूदी, इजरायली और ईरानी असंतुष्ट समूहों से जुड़े ठिकानों पर लगातार हमले हुए हैं, इसलिए इस घटना के पुराने मामलों से जुड़े होने की संभावना बताई जा रही है।
बता दें कि लंदन में पिछले कुछ हफ्तों से यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर कई घटनाएं सामने आई हैं। 23 मार्च को गोल्डर्स ग्रीन इलाके में चार एंबुलेंस को आग के हवाले कर दिया गया था। इसी दिन एक अन्य उपासना स्थल पर बोतलों में ज्वलनशील पदार्थ रखकर हमला करने की कोशिश की गई थी।
इसके बाद 17 अप्रैल को एक ऐसे भवन को निशाना बनाया गया, जहां पहले यहूदी संगठन काम करता था। वहां भी आग लगाने की कोशिश की गई, हालांकि ज्यादा नुकसान की खबर नही है। उसी दिन एक अन्य घटना में ईरानी मीडिया कार्यालय के पार्किंग क्षेत्र में जलता हुआ कंटेनर फेंका गया था।
मौजूद जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को केंटन इलाके के एक उपासना स्थल पर आगजनी की गई, जिससे एक कमरे में धुआं भर गया, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। इसके अलावा गोल्डर्स ग्रीन में ईरानी प्रदर्शनकारियों की याद में बनाए गए स्मारक स्थल पर भी आग लगाने की घटना सामने आई थी।
गौरतलब है कि इन घटनाओं के बीच सबसे गंभीर मामला चाकूबाजी का रहा, जिसमें एक हमलावर ने दो लोगों को घायल कर दिया था। बाद में पुलिस और स्थानीय सुरक्षा स्वयंसेवकों ने उसे काबू में कर लिया था।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने लंदन में यहूदी समुदाय और अन्य संबंधित समूहों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।