स्कॉर्पियो में ले जा रहे थे डोडा-चूरा, तस्कर गिरफ्तार:झालावाड़ से मारवाड़ में होनी थी सप्लाई; टोंक में ANTF ने पकड़ा
राजस्थान में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) को टोंक जिले के डिग्गी कस्बे में बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने डिग्गी कस्बे से 45.892 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद किया है। साथ ही एक स्कॉर्पियो कार को जब्त कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी फलोदी जिले के भोजासर थाना क्षेत्र के चोतीना कैलाश (25)पुत्र भैराराम विश्नोई स्कॉर्पियो कार में डोडा चूरा से भरे तीन कट्टे झालावाड़ से मारवाड़ में सप्लाई करने के लिए ले जा रहा था। एएनटीएफ के महानिरीक विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ को तस्कर के मादक पदार्थ लेकर आने की भनक लगी तो इसे पकड़ने के लिए दो टीम लगाई गई। एक टीम झालावाड़ से इसके पीछे लगा और दूसरी टीम को टोंक में अलर्ट कर दिया। सोमवार देर रात करीब 10 बजे जैसे ही तस्कर ने कार टोंक जिले के सोहेला होते हुए डिग्गी, मालपुरा के रास्ते पर दौड़ाई तो टोंक में तैनात टीम ने उसका पीछा किया। तस्कर को आभास हो गया कि उसके पीछे पुलिस लगी हुई है। फिर तस्कर कैलाश ने गाड़ी को और तेज दौड़ाया। तस्कर ने टीम को चकमा देने के लिए डिग्गी कस्बे में एक संकरी गली में मोड़ दिया। लेकिन उसकी यह चाल ज्यादा देर कामयाब नहीं हो सकी। आगे संकरा होने गाड़ी फंस गई। कुछ देर बाद टीम उसकी तलाश करती हुई वहां पहुंच गई और उसे दबोच लिया। यह कार्रवाई आपरेशन विषांजन के तहत अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम एन के मार्गदर्शन में की है। इसके अलावा राजस्थान में दो अन्य जगह भी 45 हजार रुपए के इनामी तस्कर समेत दो बदमाशों को अवैध मादक पदार्थों के साथ पकड़ा है। इनपुट दीपांशु पाराशर, डिग्गी।



