मऊ जिला पंचायत में 45 करोड़ का बजट पास:ग्रामीण विकास योजनाओं पर हुई चर्चा, पिछला बजट 38 करोड़ रुपए था
मऊ जिले के जिला पंचायत भवन सभागार में शनिवार को बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 45 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं, जन कल्याणकारी कार्यक्रमों और क्षेत्रीय समस्याओं पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में मोहम्मदाबाद गोहना से विधायक राजेंद्र प्रसाद, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, अन्य जनप्रतिनिधि और सांसद के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत की कार्य योजना हर वर्ष मार्च में तैयार की जाती है। इसका उद्देश्य आगामी बजट को अनुमोदित करना होता है। उन्होंने बताया कि आज की बैठक में अनुमानित बजट को अनुमोदित किया गया है। पिछले वित्तीय वर्ष का बजट 38 करोड़ रुपये था, जिसमें सरकार से विभिन्न योजनाओं के लिए प्राप्त व्यक्तिगत आय और जिला पंचायत के निजी स्रोतों से होने वाली आय शामिल थी। इन सभी मदों का आज के बजट में अनुमोदन किया गया। सत्र 2026-27 के लिए 45 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया है। आगामी योजनाओं को लेकर सदस्यों से प्रस्ताव भी लिए गए।



