नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हरियाणा को मिला कांस्य पदक:पानीपत के विनय ने 54-57 किग्रा वर्ग में जीता ब्रॉन्ज, नागपुर में आयोजन
महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित सातवीं नेशनल बॉयज एंड गर्ल्स जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हरियाणा ने कांस्य पदक जीता है। यह प्रतियोगिता 5 अप्रैल से 11 अप्रैल तक चली, जिसमें हरियाणा के एक खिलाड़ी ने 54 से 57 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की। बता दे कि पानीपत जिले के इसराना उपमंडल के गांव बुआना लाखु स्थित अरुण मेमोरियल बॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ी विनय ने प्रदेश और अपने जिले का नाम रोशन किया। उन्होंने 54 से 57 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक पर कब्जा किया। पानीपत के बॉक्सिंग एकेडमी के छात्र ने किया नाम रोशन अरुण मेमोरियल एकेडमी के कोच राजेश कुमार ने बताया कि विनय ने अपनी कड़ी मेहनत और ताकत के बल पर यह पदक जीता है। कोच राजेश कुमार ने यह भी बताया कि एकेडमी में करीब 100 लड़के और लड़कियां बॉक्सिंग का प्रशिक्षण लेते हैं, जो आसपास के गांवों से भी यहां अभ्यास करने आते हैं। एकेडमी के कई छात्र पहले भी जीत चुके हैं पदक यहां के खिलाड़ियों ने पहले भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि गरीब लड़कियों को यहां मुक्केबाजी का प्रशिक्षण निःशुल्क दिया जाता है। कोच ने सरकार से मांग की है कि एकेडमी में एक मुक्केबाजी रिंग स्थापित की जाए, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास करने में और अधिक सुविधा मिल सके।



