नितिन गडकरी ने डिंपल यादव के पत्र का संज्ञान लिया:कुरावली-जैथरा मार्ग पर अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया शुरू
मैनपुरी सांसद डिंपल यादव के 18 अक्टूबर को भेजे गए पत्र पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संज्ञान लिया है। मंत्री गडकरी ने सांसद यादव को लिखित रूप में सूचित किया है कि कुरावली-जैथरा मार्ग पर अंडरपास निर्माण की मांग से संबंधित पत्र प्राप्त हो गया है। इसे आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी को भेजा गया है। सांसद डिंपल यादव ने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि कुरावली से लगभग दो किलोमीटर दूर जैथरा मार्ग पर अंडरपास न होने से लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त रहता है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, इन हादसों में अब तक 20 से 25 लोगों की जान जा चुकी है। क्षेत्रीय नागरिकों, विद्यार्थियों और आसपास के शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस स्थान पर वर्षों से अंडरपास की मांग की जा रही थी। इसी गंभीर समस्या के मद्देनजर सांसद डिंपल यादव ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर जीटी रोड से जैथरा लिंक रोड पर अंडरपास निर्माण का अनुरोध किया था। मंत्री नितिन गडकरी द्वारा सांसद के पत्र पर त्वरित संज्ञान लेने और इसे संबंधित विभाग को भेजने के बाद क्षेत्रवासियों में अंडरपास निर्माण की उम्मीद बढ़ी है। स्थानीय लोगों ने सांसद डिंपल यादव की इस पहल की सराहना की है।



