कुरुक्षेत्र IGM में श्रीराम कथा का आज से शुभारंभ:श्रीराम भद्राचार्य की तबीयत बिगड़ी, ठाकुर संजीव शास्त्री करेंगे कथा, CM होंगे शामिल
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में चल रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव (IGM) में आज बुधवार को श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। वृंदावन के ठाकुर संजीव कृष्ण शास्त्री कथा का वाचन करेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य यजमान के रूप में इसमें भाग लेंगे और कथा की शुरुआत करेंगे। पहले यह कथा प्रसिद्ध आचार्य श्रीराम भद्राचार्य द्वारा सुनाई जानी थी। वे पहली बार हरियाणा में कथा करने आ रहे थे, लेकिन अचानक तबीयत खराब हो गई, इसलिए वे इसमें शामिल नहीं हो सकेंगे। अब ठाकुर संजीव कृष्ण शास्त्री को आमंत्रित किया गया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे सीएम सैनी कथा के अलावा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा पवेलियन का अवलोकन करेंगे। इसके बाद, वे पुरुषोत्तम बाग में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। यह प्रदर्शनी राज्य की भाषाई विविधता और मीडिया संबंधी गतिविधियों पर केंद्रित होगी। कंवर ग्रेवाल का प्रोग्राम पोस्टपोन बीती रात सूफी गायक कंवर ग्रेवाल का प्रोग्राम पोस्टपोन हो गया। PM नरेंद्र मोदी के ब्रह्मसरोवर पर संध्याकालीन आरती में हिस्सा लेने की वजह से प्रोग्राम को स्थगित कर दिया। अब यह प्रोग्राम बाद में आयोजित होगा। हालांकि अभी इसकी तारीख तय नहीं हो सकी।



