फरीदाबाद में कार ने पुलिसकर्मी को मारी टक्कर:सिर में लगी गंभीर चोट, आरोपी युवक फरार; पुलिस मामले की जांच में जुटी
फरीदाबाद के थाना धौज क्षेत्र के गांव आलमपुर में रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान एक पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार डायल 112 की ईआरवी-173 टीम को गांव आलमपुर में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम में शामिल ईएसआई राजेंद्र सिंह मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर रहे थे और दोनों पक्षों को समझाकर झगड़ा शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गली की ओर से तेज रफ्तार में एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार वहां पहुंची। कार ने पुलिसकर्मी को मारी टक्कर कार में तीन से चार युवक सवार थे। आरोप है कि युवकों ने लापरवाही और तेज गति से गाड़ी चलाते हुए ईएसआई राजेंद्र सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईएसआई राजेंद्र सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश हो गए। टक्कर की वजब से उनका एक कान भी कट गया ओर सिर में गम्भीर चोट लगी। घटना के बाद कार सवार युवक मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस कर्मियों ने तुरंत घायल राजेंद्र को संभाला और उन्हें इलाज के लिए फरीदाबाद के अलफलाह अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत उपचार शुरू किया। अस्पताल में इलाज जारी डॉक्टरों द्वारा उनके सिर का सीटी स्कैन भी किया गया और फिलहाल उनका इलाज जारी है। वहीं इस पूरे मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि धौज थाना क्षेत्र में तैनात डायल 112 की ईआरवी गाड़ी को आलमपुर गांव में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों की बात सुन रही थी। इसी दौरान दूसरी ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी, जिससे ईएसआई राजेंद्र सिंह घायल हो गए। पुलिस के अनुसार घायल पुलिसकर्मी का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं टक्कर मारने वाली कार और उसमें सवार युवकों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।



