ड्राइवरों से अवैध वसूली करने वाले 2 युवक गिरफ्तार:वीडियो वायरल होने पर करनाल पुलिस ने पकड़ा; एंट्री फीस के लिए रुकवाते थे
करनाल के गांव कुटेल में रात के अंधेरे में डंडे के दम पर वाहन ड्राइवरों से अवैध वसूली करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बसताड़ा टोल बचाकर कुटेल गांव से निकलने वाले वाहन ड्राइवरों से अवैध वसूली की जा रही थी। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। मेडिकल के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जानें… पूरा मामला 17 मई की सुबह करीब साढ़े 8 बजे रजत सबिलपुर की फेसबुक आईडी से एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में आरोप लगाया गया कि करनाल-घरौंडा टोल बचाकर कुटेल गांव से गुजरने वाले वाहनों से कुछ युवक जबरन पैसे वसूलते हैं। एक ड्राइवर के अनुसार, हर गाड़ी से 200 रुपए एंट्री फीस के नाम पर लिए जाते थे। ड्राइवर ने बताया कि जब उसने अपना पर्स निकाला तो एक युवक ने उसका पर्स छीन लिया और पास के स्कूल की तरफ भाग गया। पर्स में करीब 17 हजार रुपए थे। ड्राइवर ने आशंका जताई कि इस तरह की वारदात अन्य वाहन ड्राइवरों के साथ भी हो रही होगी। वीडियो में दिखी संदिग्ध गतिविधि करीब 38 सेकेंड के वायरल वीडियो में एक युवक सिर पर भगवा गमछा बांधकर हाथ में लाठी लिए सड़क पर खड़ा नजर आया। वह पहले एक कैंटर को रुकवाता है और फिर दूसरे वाहन को रोकने की कोशिश करता है। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और कार्रवाई की मांग उठी। पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी सीआईए-2 इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार के नेतृत्व में एएसआई राजेंद्र कुमार की टीम ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान पुत्र इनाम और साहिल पुत्र मेहरबान निवासी गांव मंगलौरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल भी बरामद किए हैं। कोर्ट में पेश कर भेजा जेल जांच अधिकारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर थाना मधुबन में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की और करनाल के सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद अदालत में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



