रेशमबाड़ी में युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या, परिवार के लोग कोतवाली पहुंचे विधायक शिव अरोरा; बोले– दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा*
*रेशमबाड़ी में युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या, परिवार के लोग कोतवाली पहुंचे विधायक शिव अरोरा; बोले– दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा*
*परिजनों ने विधायक को बताई वारदात की पूरी कहानी, दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी; एसपी सिटी ने मौके पर परिवार को दिया जल्द गिरफ्तारी का भरोसा*
रुद्रपुर। शहर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में बीती रात एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। लीलाधर नाम के युवक की हत्या के बाद आक्रोशित परिजन न्याय की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। घटना की जानकारी मिलते ही रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा भी कोतवाली पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली।
परिजनों ने विधायक को बताया कि उनके परिवार का सदस्य मोटरसाइकिल से कुछ सामान लेने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। जब उसने उनसे चाबी वापस मांगी तो उन्होंने चाबी देने से इनकार कर दिया, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद करीब 8 से 10 लोग उनके घर पहुंच गए और परिवार पर चाकुओं से हमला कर दिया।
इस हमले में लीलाधर के भाई के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके पिता के मुंह पर भी चाकू से वार किया गया। वहीं लीलाधर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली पहुंचकर विधायक ने पुलिस अधिकारियों से की वार्ता
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान विधायक शिव अरोरा ने उन्हें भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद एसपी सिटी प्रमोद कुमार से पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी ली। एसपी सिटी ने विधायक के सामने परिजनों को आश्वस्त किया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
विधायक शिव अरोरा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से भी फोन पर वार्ता कर घटना की गंभीरता से अवगत कराया। एसएसपी ने विधायक को बताया कि पुलिस इस घटना को चुनौती के रूप में ले रही है और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
आपराधिक इतिहास वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जानकारी में आया है कि घटना में शामिल कुछ आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और कुछ लोग पूर्व के मामलों में जमानत पर बाहर आए हुए थे। ऐसे लोगों द्वारा इस प्रकार की निर्मम वारदात को अंजाम देना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के आपराधिक इतिहास को ध्यान में रखते हुए मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। रुद्रपुर में इस तरह की वारदात को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह हर स्तर पर पुलिस और प्रशासन से पैरवी करेंगे। घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।
विधायक ने परिजनों को भरोसा दिया कि इस कठिन समय में वह उनके साथ खड़े हैं और दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
इस दौरान पार्षद महेंद्री शर्मा, एसपी यादव, प्रमोद मित्तल, मानव कक्कड़ सहित पुलिस अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।







टिप्पणियाँ (0)