रुद्रपुर में CII के कुमाऊं जोनल कार्यालय का शुभारंभ, उद्योगों को मिलेगा नया मंच: शिव अरोरा
*रुद्रपुर में CII के कुमाऊं जोनल कार्यालय का शुभारंभ, उद्योगों को मिलेगा नया मंच: शिव अरोरा*
*35 से अधिक औद्योगिक प्रतिनिधियों ने की शिरकत,विधायक बोले उद्योगो के विकास व सृजन को मिलेगी गति*
रुद्रपुर। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) की ओर से रुद्रपुर में आयोजित मेंबर्स मीट के दौरान कुमाऊं जोनल कार्यालय का शुभारंभ विधायक शिव अरोरा और CII नॉर्दर्न रीजन की डिप्टी चेयरपर्सन एवं सब्रोस लिमिटेड की चेयरपर्सन व मैनेजिंग डायरेक्टर श्रद्धा सूरी मारवाह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में 35 से अधिक औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि CII देश का प्रमुख औद्योगिक संगठन है, जो उद्योगों के विकास और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रुद्रपुर में कुमाऊं जोनल कार्यालय खुलने से क्षेत्र के उद्योगपतियों और उद्यमियों को एक साझा मंच मिलेगा। इससे उद्योग जगत और सरकार के बीच संवाद एवं समन्वय मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र में औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। CII का यह कार्यालय निवेश को प्रोत्साहित करने, उद्यमियों की समस्याओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने में सहायक बनेगा। उद्योगों के विस्तार से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
CII नॉर्दर्न रीजन की डिप्टी चेयरपर्सन श्रद्धा सूरी मारवाह ने कहा कि कुमाऊं में विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ई-मोबिलिटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में विकास की पर्याप्त संभावनाएं हैं। उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक, कुशल कार्यबल, MSME की भागीदारी और बेहतर आपूर्ति व्यवस्था पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय उद्योगों को CII की विशेषज्ञता, नीतिगत संवाद और व्यापक व्यावसायिक अवसरों से जोड़ेगा। CII के 12 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की विशेषज्ञता का लाभ भी उद्योग जगत को मिल सकेगा।
CII उत्तराखंड स्टेट काउंसिल के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने कहा कि मेंबर्स मीट उद्योग जगत की प्राथमिकताओं पर चर्चा करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और उत्तराखंड में औद्योगिक विकास के नए अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान KLA India के डायरेक्टर अशोक अग्रवाल को CII कुमाऊं जोन का चेयरमैन तथा कुमार ऑक्सीजन के डायरेक्टर सौरभ वैष्ण को वाइस चेयरमैन घोषित किया गया। CII नॉर्दर्न रीजन की रीजनल डायरेक्टर रचना जिंदल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। सौरभ वैष्ण ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने आपसी संवाद और सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। CII का नया कुमाऊं जोनल कार्यालय क्षेत्र में औद्योगिक संपर्क, व्यावसायिक नेटवर्किंग, नीतिगत चर्चा तथा सरकार और उद्यमियों के बीच समन्वय का मंच बनेगा। इससे कुमाऊं में निवेश, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।







टिप्पणियाँ (0)