चंदौली FPO को 50% अनुदान पर मिलेंगे कृषि यंत्र:फसल अवशेष प्रबंधन से बढ़ेगी सदस्यों की आय
चंदौली जिले के फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (FPO) के सदस्यों को कृषि अवशेष प्रबंधन यंत्रों पर 50% से अधिक का अनुदान दिया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य फसल अवशेषों को जलाने से रोकना और FPO सदस्यों की आय में वृद्धि करना है। इच्छुक सदस्य 6 नवंबर तक कृषि उपनिदेशक कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। कृषि उपनिदेशक भीमसेन ने बताया कि यह योजना फसल अवशेषों को एकत्रित कर विभिन्न कंपनियों को सौंपने के लिए लागू की गई है। धान की कटाई का समय नजदीक होने के कारण, कृषि विभाग ने उन किसानों के लिए यह नई पहल की है जो आमतौर पर फसल कटाई के बाद अवशेषों को खेतों में जला देते हैं। इस योजना के तहत, चिन्हित FPO सदस्यों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। FPO सदस्य विभिन्न गांवों के किसानों से संपर्क कर उनके खेतों से फसल अवशेष एकत्रित करेंगे। इन अवशेषों को सीबी प्लांट कंपनी को उपलब्ध कराया जाएगा, जो इन्हें आगे विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को देगी। इससे किसानों और FPO सदस्यों दोनों की आय में वृद्धि होगी।



